
पद्म पुरस्कार-2027 के लिए समाजसेवी देवी प्रसाद त्रिपाठी का नाम प्रस्तावित, डीएम ने गृह मंत्रालय को भेजी संस्तुति
संतकबीरनगर ।। जनपद के प्रतिष्ठित समाजसेवी देवी प्रसाद त्रिपाठी को वर्ष 2027 के पद्म पुरस्कार के लिए नामित किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने उनके नाम की औपचारिक संस्तुति भारत सरकार के गृह मंत्रालय के पद्म पुरस्कार अनुभाग को भेजी है।20 जुलाई 2026 को प्रेषित प्रस्ताव में उल्लेख किया गया है कि देवी प्रसाद त्रिपाठी ने समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा हस्तशिल्प संवर्धन के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय कार्य किए हैं। विशेष रूप से उन्होंने महिला बुनकरों एवं हस्तशिल्प से जुड़ी महिलाओं को प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिससे अनेक परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है।प्रस्ताव में यह भी कहा गया है कि उनके प्रयासों से जनपद की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान मिली है। ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और रोजगार के अवसर सृजित करने में उनका योगदान सराहनीय रहा है जिलाधिकारी द्वारा भेजी गई संस्तुति के साथ देवी प्रसाद त्रिपाठी के सामाजिक कार्यों का विस्तृत विवरण एवं आवश्यक दस्तावेज भी गृह मंत्रालय को उपलब्ध कराए गए हैं। उनके नाम की अनुशंसा से जिले में प्रसन्नता का माहौल है। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने इसे संतकबीरनगर के लिए गर्व का विषय बताते हुए उम्मीद जताई है कि उनके योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त होगा।