
प्रदेशभर में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान के अंतर्गत आज हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड पंचकूला द्वारा पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा के सहयोग से पशुधन भवन सेक्टर-2 में एक व्यापक स्वच्छता अभियान एवं श्रमदान कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन प्रबंध निदेशक हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में सुनिश्चित किया गया।
इस गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार सिरसी के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर निगम, पंचकूला के महापौर श्री शाम लाल बंसल की गरिमामयी उपस्थिति विशेष रूप से सराहनीय रही।
अभियान के दौरान डॉ. बिरेंद्र सिंह लोरा प्रबंध निदेशक, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड, डॉ. प्रेम महानिदेशक, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, हरियाणा, डॉ. धर्मेंद्र ओएसडी, तथा डॉ. ललित कुमार पशु चिकित्सक, हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड सहित दोनों विभागों के अन्य सभी वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अत्यंत उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय रूप से भाग लिया।
स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पशुधन भवन परिसर तथा उसके आसपास के सार्वजनिक क्षेत्रों में स्वयं श्रमदान करते हुए गहन साफ-सफाई की। इस अवसर पर न केवल कार्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया गया, बल्कि आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का एक सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एक स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित कार्यस्थल विकसित करना तथा राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे स्वच्छ भारत मिशन एवं राज्य के स्वच्छ हरियाणा के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ व क्रियाशील बनाना रहा।
अध्यक्ष श्री अशोक कुमार सिरसी ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी कार्यक्रम या औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का परम नैतिक दायित्व है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यस्थलों के साथ-साथ सार्वजनिक स्थलों पर भी नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखनी चाहिए और समाज में इसके प्रति निरंतर जागरूकता फैलानी चाहिए। एक स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज की आधारशिला है और प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia