पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर बुधवार को बेतिया पुलिस केंद्र स्थित शहीद स्मारक पर बलिदान पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय व एसएसपी कुमार गौतम ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर वीर पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान मौजूद पुलिस उपाधीक्षकों समेत अन्य पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने भी बलिदानियों के अदम्य साहस,
कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। पुलिस संस्मरण दिवस कर्तव्यपालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले पुलिसकर्मियों के बलिदान को स्मरण करने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। इस मौके पर शहीद पुलिसकर्मियों के योगदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। पुलिस ने शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को सदैव स्मरण करने और लोक व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।