
ऊना में कपड़ों की दुकान से 5.90 ग्राम चिट्टा और 44 हजार रुपये बरामद, दुकानदार गिरफ्तार
नैहरियां रोड पर पुराने सेंट्रल बैंक के पास पुलिस की दबिश, नशे की सप्लाई के नेटवर्क और नकदी के स्रोत की जांच जारी
ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अंब पुलिस ने एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में छापेमारी कर 5.90 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) और 44 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को पुलिस थाना अंब के प्रभारी निरीक्षक विपिन शर्मा के नेतृत्व में टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर नैहरियां रोड पर पुराने सेंट्रल बैंक के नजदीक स्थित रेडीमेड कपड़ों की दुकान में दबिश दी। दुकान की तलाशी के दौरान पुलिस को 5.90 ग्राम चिट्टा और 44,000 रुपये नकद मिले।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नरेश कुमार उर्फ मनीष बख्शी, निवासी ठठल, तहसील अंब, जिला ऊना के रूप में हुई है।
सप्लाई नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से आया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले में नशे की खरीद-फरोख्त से जुड़े संपर्कों और आगे की सप्लाई के नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। दुकान से बरामद 44 हजार रुपये की नकदी के स्रोत की भी पड़ताल की जा रही है।
जिला ऊना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशे की तस्करी और बिक्री से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो
#NewsTodayHimachal #UnaNews #AmbPolice #ChittaNews #DrugFreeHimachal #HimachalPolice