
नेरवा-चौपाल मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार की मौत!
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के नेरवा-चौपाल मुख्य मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। नेरवा से करीब 3 से 4 किलोमीटर दूर नेवटी के समीप एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे नदी की ओर जा गिरी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 6 बजकर 15 मिनट पर मोटरसाइकिल नंबर HP 98-0885 नेवटी के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि बाइक सवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
मृतक की पहचान केवल राम पुत्र नारायण सिंह, निवासी पच्छाद, जिला सिरमौर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सतीश जस्टा, विशाल भिख्टा सहित स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस थाना नेरवा से एएसआई हरदीप सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।
इसके बाद पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नेरवा पहुंचाया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त होने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं, मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
#BreakingNews #Nerwa #Chopal #SirmaurNews #RoadAccident #HimachalNews #NewsAbtakHimachal