
*गुढ़ क्षेत्र में फिर हाथियों का आतंक, धुवर गांव में मकान तोड़ा, विधायक ने वन विभाग पर लगाए लापरवाही के आरोप*
*हाथियों के झुंड से ग्रामीणों में दहशत, शाम होते ही कई गांवों में शुरू हो जाता है मूवमेंट, रेस्क्यू प्लान ठंडे बस्ते में*
रीवा। रीवा जिले के गुढ़ क्षेत्र में एक बार फिर जंगली हाथियों का दल आबादी वाले इलाकों में पहुंच गया है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। मंगलवार को हाथियों के झुंड ने धुवर गांव में ग्रामीण राजू सिंह के मकान को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। परिवार के सदस्य समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हाथियों के हमले का डर बढ़ गया है।
*विधायक ने वन विभाग को घेरा*
इस घटना को लेकर भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई है। उन्होंने बताया कि करियाझर, दुआरी, बधवार, टीकर समेत कई गांवों में शाम ढलते ही हाथियों का मूवमेंट शुरू हो जाता है। विधायक ने कहा कि ग्रामीण घरों से बाहर निकलने और किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं। वन विभाग को हाथियों की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी, लेकिन ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए। रेस्क्यू प्लान की फाइल ठंडे बस्ते में चली गई।
*मुआवजा और स्थायी योजना की मांग*
विधायक ने प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा देने और हाथियों को आबादी से दूर रखने के लिए स्थायी योजना बनाने की मांग की है।