
जमुआ/गिरिडीह: कामरेड इब्नुल हसन बसरु की 17वीं बरसी के अवसर पर सोमवार को भाकपा माले के जमुआ पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक मिनट का मौन रखकर शहीदों एवं दिवंगत साथियों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कामरेड इब्नुल हसन बसरु के योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में भाकपा माले पोलित ब्यूरो सदस्य एवं राजधनवार के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, जिला सचिव अशोक पासवान, जिप सदस्य उस्मान अंसारी, मीना दास, विजय पांडेय और मनोवर हसन बंटी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला गया। मार्च थाना मोड़ होते हुए जमुआ चौक पहुंचा, जहां नुक्कड़ सभा आयोजित की गई। सभा में नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग को लेकर अपनी आपत्तियां रखीं और आंदोलन तेज करने की बात कही।
विनोद कुमार सिंह ने केंद्र सरकार पर लोकतंत्र और संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया। वहीं राजकुमार यादव ने भाजपा की नीतियों के खिलाफ जमुआ और गिरिडीह में आंदोलन को आगे बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
#Giridih #Jamua #CPI(ML) #CPIML #IbneulHasanBasru #Tribute #PoliticalNews