
पीडीएस की 91 नई दुकानों पर होगी नियुक्ति, चयन प्रक्रिया तेज
05 अगस्त तक नए राशन कार्ड बनाने और वितरण का लक्ष्य, डीएम ने दिए निर्देश
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की नई नियुक्ति को लेकर जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की 106 रिक्त पीडीएस दुकानों की समीक्षा के बाद 91 रिक्तियों पर नए सिरे से नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया।
समीक्षा में बताया गया कि 15 रिक्तियों के स्थान परिवर्तन, 15 रिक्तियों को समाप्त करने तथा 76 रिक्तियों को यथावत रखने की अनुशंसा की गई है। इसके बाद वर्तमान में 91 रिक्तियां उपलब्ध पाई गईं। इन रिक्तियों के आधार पर नया रोस्टर तैयार कर एक सप्ताह के भीतर अंतिम रूप देने का निर्देश संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को दिया गया।
बैठक में राशन कार्ड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि 05 अगस्त 2026 तक नए राशन कार्डों का निर्माण एवं वितरण हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
इसके अलावा हलसी, सूर्यगढ़ा और बड़हिया प्रखंडों में प्राथमिक सब्जी समिति (PVGS) के गठन के लिए लगभग 10 हजार वर्ग फीट भूमि उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अंचल अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि जन वितरण प्रणाली से जुड़े सभी कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का निष्पादन करें। बैठक में अपर समाहर्ता नीरज कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।