
भोपाल। राजधानी भोपाल में 90 डिग्री मोड़ वाले पुल और दीवार के अंदर बने सार्वजनिक शौचालय के बाद अब लोक निर्माण विभाग की इंजीनियरिंग का एक और कारनामा सामने आया है। भोपाल के वार्ड-64 स्थित भेल नगर कॉलोनी में बनाई जा रही 80 फीट चौड़ी सीमेंट-कांक्रीट सड़क के बीच एक बड़ा आम का पेड़ खड़ा छोड़ दिया गया है। पेड़ को हटाने या सुरक्षित स्थानांतरित करने के बजाय उसके दोनों ओर सड़क बना दी गई, जिससे वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा पैदा हो गया है।रहवासियों का कहना है कि सड़क के बीच पेड़ होने से वाहन चालकों को अचानक रास्ता बदलना पड़ता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। रात में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेत नहीं होने से अनजान दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के पेड़ से टकराने की आशंका बनी रहती है। संभावित हादसे को लेकर भेल नगर के रहवासियों ने तेज सिंह ठाकुर की अगुवाई में पीडब्ल्यूडी इंजीनियरों, ठेकेदार, क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम आयुक्त से शिकायत कर समाधान की मांग की है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि खतरे की जानकारी पहले ही दे दी गई थी, लेकिन काम नहीं रोका गया और पेड़ के दोनों ओर सड़क बना दी गई। रहवासी पेड़ काटने के नही, बल्कि तकनीकी प्रक्रिया के तहत उसे सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग कर रहे है ताकि पेड़ भी बचे और हादसों का खतरा भी टले। मकान नंबर 43/ए के सामने सड़क के ठीक बीच एक बड़ा आम का पेड़ है। रहवासी सवाल उठा रहे है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभाग कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं।
#PublicIssue #RoadSafety #bhel #bhelbhopal #pwd #engineeringfailure #bhopal #mpnews