
कुंभ मेला-2027: रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा की बनेगी विशेष योजना
मुख्य स्नान पर्वों पर चलेंगी मेला स्पेशल ट्रेनें, हरिद्वार में भीड़ बढ़ने पर आसपास के स्टेशनों पर भी ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था पर मंथन
वासुदेव राजपूत, हरिद्वार स्तम्भ
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम आवागमन को लेकर पुलिस एवं रेलवे अधिकारियों ने व्यवस्थाओं की समीक्षा शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को कुंभ मेला पुलिस महानिरीक्षक डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत ने सीसीआर स्थित कार्यालय में उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल, जीआरपी और आरपीएफ के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में कुंभ मेले के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे यातायात योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य स्नान पर्वों पर मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन, रेलवे स्टेशनों की कार्ययोजना और भीड़ प्रबंधन को लेकर विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
भीड़ बढ़ने पर आसपास के स्टेशनों का होगा उपयोग
हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का दबाव बढ़ने की स्थिति में आसपास के रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही यात्रियों के लिए निर्धारित होल्डिंग एरिया, श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने और हरिद्वार से उनके गंतव्यों के लिए सुरक्षित प्रस्थान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में रेलवे की प्रस्तावित योजना और मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए वैकल्पिक संसाधनों और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। आईजी डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आपसी समन्वय के साथ प्रभावी योजना तैयार करने पर जोर दिया।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, उत्तर रेलवे मुरादाबाद के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव, उत्तराखंड एसपी रेलवे अरुणा भारती, अपर पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला राजेश भट्ट और जीआरपी उत्तराखंड के पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार उपस्थित रहे।
कुंभ मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल को सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Haridwar Stambh Vasudev Kumbh Ardha Kumbh Mela Haridwar