
*एस के एम ने मोदी और ट्रंप का पुतला जलाया*
*22 जुलाई को बेतिया में "एफटीए विरोधी किसान संकल्प दिवस" मनाया गया*
संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम)पश्चिम चम्पारण ने भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते पर राष्ट्रपति प्रधानमंत्री को हस्ताक्षर नहीं करने का निर्देश दें।साथ ही पहले से हस्ताक्षरित सभी मुक्त व्यापार समझौतों (एफ टी ए) को निरस्त करवाएं।सभा को संबोधित करते हुए बिहार राज्य किसान सभा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य चांदसी प्रसाद यादव ने कहा कि देश की घरेलू अर्थव्यवस्था, आत्मनिर्भरता और संप्रभुता पर एफटीए के प्रभावों पर संसद में चर्चा सुनिश्चित करें। एफटीए छोटे उत्पादकों को बर्बाद कर देंगे और देश के घरेलू बाजार को वैश्विक कॉरपोरेट घरानों द्वारा लूट के लिए खोल देंगे।
उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को नई दिल्ली में छात्रों पर किए गए बर्बर और अमानवीय लाठीचार्ज तथा आंसू गैस के गोले दागे जाने की हम कड़ी निंदा करते है, जिसमें सैकड़ों छात्र घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि छात्र विरोधी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अविलंब इस्तीफा दें।साथ ही आत्महत्या करने वाले 20 से अधिक पीड़ितों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा दें।
किसान सभा के जिला सचिव प्रकाश कुमार वर्मा ने कहा कि भारत अमेरिका कृषि समझौता विरोधी किसान संकल्प दिवस" के रूप में मनाने के तहत गांवों में जनसभाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें किसान यह संकल्प लेंगे कि वे 2020-21 के ऐतिहासिक किसान आंदोलन की तर्ज पर किसान विरोधी भारत अमेरिका कृषि समझौता के निरस्त होने तक निरंतर और व्यापक देशव्यापी संघर्ष के लिए तैयार रहेंगे।
रामा यादव ने कहा कि अत्यधिक सब्सिडी प्राप्त तथा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक आनुवंशिक रूप से संशोधित (जी एम) अमेरिकी खाद्यान्न, एथेनॉल, खाद्य तेल, पशु चारा आदि के सस्ते आयात, सरकारी खरीद व्यवस्था को कमजोर करने वाली शर्तें तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन व्यवस्था) को कमजोर कर बाजार खोलने के प्रावधान जनता के हितों के विरुद्ध हैं।
प्रभुनाथ गुप्ता ने कहा कि लघु एवं मध्यम उद्यमों में विदेशी निवेश के रास्ते भी खोल रहे है।जिसका गंभीर और प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
सभा को सीटू के शंकर कुमार राव,किसान सभा अजय भवन के राधामोहन यादव,एटक नेता ओमप्रकाश क्रांति, म. वहीद,मनोज कुशवाहा,शिवशंकर पाण्डेय, डी वाई एफ आई के म. सहीम,संजीव कुमार राव,संजय सिंह,जयनाथ प्रसाद आदि ने संबोधित किया।