बख्तियारपुर के भाई-बहन ने 70वीं BPSC में मारी बाजी, रुचि रानी बनीं SDM और आलोक अभिजीत बने अल्पसंख्यक अधिकारी।
पटना जिले के बख्तियारपुर निवासी अशोक सिंह और नीतू कुमारी के पुत्र-पुत्री ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। पुत्री रुचि रानी का चयन अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) के पद पर हुआ है, जबकि पुत्र आलोक अभिजीत अल्पसंख्यक अधिकारी बने हैं।
दोनों भाई-बहन की इस उपलब्धि से बख्तियारपुर में खुशी का माहौल है। परिजनों, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
विद्यालय के आचार्य दीपक कुमार ने बताया कि रुचि रानी और आलोक अभिजीत ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा एलकेजी से आठवीं कक्षा तक बख्तियारपुर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त की थी। दोनों बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं और अपनी मेहनत एवं लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।
उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को नई प्रेरणा मिली है।