
"हिमाचल में 355 फिजिकल एजुकेशन टीचरों की भर्ती, काउंसलिंग प्रक्रिया में बड़ा बदलाव"
"युवाओं के लिए खुशखबरी: PET के 355 पद भरने जा रही सरकार"
शिमला,रिपोर्ट नवीन शर्मा
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में फिजिकल एजुकेशन टीचर (पीईटी) की कमी जल्द दूर होगी। शिक्षा विभाग में पीईटी के 355 पदों को बैचवाइज आधार पर भरने की प्रक्रिया बुधवार से शुरू होगी। 3 व 4 जून को यह काउंसलिंग होगी। उपनिदेशक कार्यालय की ओर से भी जिलास्तर पर काउंसलिंग का शेड्यूल जारी किया गया है।काउंसिलिंग के दौरान उम्मीदवारों के शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। जिला उपनिदेशक कार्यालय से कॉल लेटर भी भेजे गए हैं। विभाग ने कहा है कि जिन्हें यह पत्र न मिला हो वह भी काउंसलिंग में भाग ले सकते हैं।प्रदेश के 12 जिलों में काउंसलिंग होगी। उम्मीदवारों को इस बार विभाग ने बड़ी राहत दी है। उम्मीदवार को काउंसलिंग के लिए अपने ही जिला में उपस्थित रहना होगा। विभाग ने कहा है कि उम्मीदवार अन्य किसी भी जिला में निर्धारित प्रपत्र पर प्राथमिकताओं का क्रम (आर्डर आफ प्रेफरेंस) भरकर दे सकते हैं। एक बार आर्डर आफ प्रेफरेंस देने के बाद इसमें बदलाव नहीं होगा। इससे पहले उम्मीदवार खुद ही दो से तीन जिलों में कांउसलिंग में शामिल होते थे, ताकि किसी एक जिला में उनका नंबर पड़ जाए। इस बार यह व्यवस्था बदली गई है।स्कूलों में पीइटी के 1011 पद खाली हैं। विभाग ने इसके लिए कई बार काउंसलिंग की लेकिन मामला कोर्ट पहुंचा व लंबे समय तक भर्तियां लटकी रही। कोर्ट के आदेशों के बाद शिक्षकों के पदों को भरा भी गया है।चयनित उम्मीदवारों को जाब ट्रेनी आधार पर सरकार विभाग में नियुक्ति देगी। काउंसलिंग की प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होगी। सभी उम्मीदवारों को अपने साथ आयु प्रमाण पत्र, शैक्षणिक दस्तावेज, आय प्रमाण पत्र, अन्य प्रमाण पत्र जो अनिवार्य है साथ लाने होंगे।