
-#पांवटा साहिब में दर्दनाक हादसा : टैम्पू से टकराई बाइक चालक की मौके पर मौत, दो घायल …
-#ब्राइट #न्यूज #सिरमौर
-#सिरमौर जिला के पुलिस थाना पुरूवाला क्षेत्र के अंतर्गत ज्वालापुर चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-707 (NH-707) पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गए। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
-#पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने बताया कि 5 अगस्त को वह अपने घर के बाहर ज्वालापुर चौक पर एनएच-707 के किनारे खड़ा था। इसी दौरान पांवटा साहिब की ओर से राजबन की तरफ जा रहा एक टैम्पू (छोटा हाथी) अचानक बिना किसी इंडिकेटर या संकेत दिए यू-टर्न लेने लगा। उसी समय पांवटा साहिब की ओर से एक मोटरसाइकिल आ रही थी, जिस पर तीन युवक सवार थे। टैम्पू चालक द्वारा अचानक वाहन मोड़ देने के कारण मोटरसाइकिल चालक को संभलने का मौका नहीं मिला और बाइक सीधे टैम्पू से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार तीनों युवक सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
-#हादसे में मोटरसाइकिल चालक अर्जुन पुत्र भवाऊ, निवासी गांव निहालगढ़, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर सवार अन्य दो युवक नीरज और राकेश घायल हो गए। दुर्घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस को घटना की सूचना दी।
-#प्रारंभिक जांच में टैम्पू चालक की पहचान मनोज पुत्र दुला राम, निवासी गांव टिटियाणा के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने बिना किसी संकेत के अचानक यू-टर्न लिया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। पुलिस थाना पुरूवाला ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
Himachal Pradesh, India | Aug 6, 2026