संबल योजना के नाम पर आदिवासी परिवारों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, एक आरोपी गिरफ्तार
शिवपुरी- थाना पोहरी पुलिस ने मुख्यमंत्री संबल योजना और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर आदिवासी परिवारों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। फरियादी कमलफूल आदिवासी निवासी ग्राम अहेरा की शिकायत पर दर्ज प्रकरण में पुलिस ने आरोपी जाहिद खान पुत्र मुनब्बर खान निवासी देवरी हाल किले के अंदर पोहरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
जांच में सामने आया कि जाहिद खान और आफताब खान खुद को जनपद कर्मचारी बताकर दिवंगत पत्नी के नाम 2 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाने का झांसा देकर दस्तावेज लेकर 25 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी फर्जी मोबाइल नंबर का उपयोग कर कई अन्य आदिवासी परिवारों को भी शिकार बनाते थे। एसपी यांगचेन डोलकर के निर्देशन में की गई कार्रवाई में फरार आरोपी आफताब खान और अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।