
अनुग्रह स्कूल में किशोर बच्चों का गैर संचारी रोगों का होगा सर्वे। फिजीशियन डॉ बीके सिंह होंगे मुख्य अन्वेषणकर्ता।
औरंगाबाद। जिला मुख्यालय स्थित पीएम श्री अनुग्रह मध्य विद्यालय में जिले के लीडिंग फिजिशियन डॉ बीके सिंह ने आज विद्यालय के शिक्षकों के साथ किशोरों में तेजी से फैल रहे गैर संचारी रोगों मसलन बीपी ,शुगर ,हृदय रोग, कैंसर, मोटापा आदि पर गंभीर चर्चा किये और एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स इंडिया के द्वारा तैयार प्रश्नावली के बिंदुओं को वन टू वन डिस्कस किए। प्राचार्य उदय कुमार सिंह ने कहा कि 200 से अधिक क्लास 7 एवं 8 के बच्चों के बीच कल वर्ग शिक्षिकाओं के द्वारा प्रश्नावली का बुकलेट वितरित किया जाएगा और उनसे भरवाकर वापस लिया जाएगा। बुकलेट में निवारक टीके, गैर संक्रामक रोग का ज्ञान, शराब तंबाकू ड्रग्स का प्रचलन, सोशल मीडिया और इंटरनेट के उपयोग का पैटर्न, आहार व्यवहार एवं स्वास्थ्य व मुख स्वास्थ्य आदि से जुड़े प्रश्न होंगे। प्रोग्राम प्रमुख डॉ बीके सिंह ने कहा कि बिहार के आठ जिलों के रैंडम स्कूलों के सैंपल रिजल्ट के आधार पर गैर संचारी रोगों से निपटने के लिए राष्ट्रीय एवं बिहार स्तर पर वृहत योजनाएं बनायी जाएंगी। प्रधानाध्यापक उदय कुमार सिंह ने कहा कि सर्वे से प्राप्त निष्कर्षों के आधार पर योग व्यायाम प्राणायाम आदि विषयों को पाठ्यक्रम में सम्मिलित कराए जाने का प्रस्ताव दिया जाएगा और उसके अभ्यासों से बच्चों के जीवन शैली को सुधारकर उन्हें सबल बनाया जाएगा।