अनूपगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ की कार्रवाई,
एक युवक को हेरोइन सहित किया गिरफ्तार
अनूपगढ़ पुलिस ने गश्त के दौरान नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में एसएचओ करतार सिंह ने आज बताया कि पुलिस टीम के द्वारा अपराधों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में गश्त की जा रही थी। गश्त के दौरान जब पुलिस टीम अनूपगढ़ के वार्ड नंबर 29 में पहुंची तो वहां एक बाइक पर सवार युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गया। पुलिस ने जब शक होने पर युवक का नाम पूछा तो युवक ने अपना नाम शमून उर्फ शमी खां (34) पुत्र वकील खां निवासी वार्ड नंबर 29 बताया। पुलिस को शक होने पर जब उसकी तलाशी ली तो युवक के पास 4.05 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर हेरोइन और बाइक को जब्त कर लिया है। एसएचओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अनूपगढ़ पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। इस मामले की जांच रावला पुलिस थाने के एसएचओ गिरधारी सिंह को सौंपी गई है।