
*नाला सफाई और अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर किसानों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन*
यूपी हेड ब्यूरो नागेंद्र पांडे
फतेहपुर जिला ब्यूरो अजय श्रीवास्तव
फतेहपुर यूपी । हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ऊंचाबेरा, बेरागढ़िवा और खालीबेरा गांव के किसानों की फसल बारिश के पानी में जलमग्न होने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। खेतों से पानी की निकासी न होने से धान की फसल बर्बाद होने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर नाले की सफाई कराने और नाले की जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने की मांग की है । ग्रामीणों ने बताया कि लगातार बारिश के बाद गांवों के आसपास स्थित नाले में पानी की निकासी बाधित हो गई है । लखनऊ मार्ग के किनारे नाले की जमीन पर कथित अतिक्रमण होने के कारण बारिश का पानी खेतों से निकल नहीं पा रहा है। इसके चलते ऊंचाबेरा , बेरागढ़िवा और खालीबेरा गांव के किसानों के खेतों में पानी भर गया और धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है।
किसानों का कहना है कि यदि जल्द ही नाले की सफाई कराकर पानी की निकासी सुनिश्चित नहीं की गई और नाले की जमीन से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आगामी गेहूं की बुवाई भी प्रभावित होगी। किसानों के खेतों में पानी भरा रहने के कारण वह गेहूं की फसल नहीं लगा पाएंगे, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर नाले की पैमाइश, सफाई और नाले की भूमि से अतिक्रमण हटवाने की कार्रवाई कराने की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते जल निकासी की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ेगा ।