
*अपराध जांच शाखा रतिया की कार्रवाई, 42.37 ग्राम हेरोइन सहित एक आरोपी काबू*
*– भिरडाना-अहरवां रोड नहर पुल क्षेत्र में पुलिस टीम ने की कार्रवाई*
*– बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर जा रहा था आरोपी, गुप्त सूचना पर दबोचा*
फतेहाबाद, 16 सितंबर। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध जांच शाखा रतिया की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 42.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) सहित काबू किया है। आरोपी की पहचान *रमेश सिंह पुत्र शमशेर सिंह, जिला फतेहाबाद* के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जायेगा।
अपराध जांच शाखा रतिया प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप ने बताया कि एएसआई गोविन्द 15 सितंबर को पुलिस टीम के साथ नशीले पदार्थों की रोकथाम को लेकर भिरडाना-अहरवां रोड क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि रमेश सिंह हेरोइन बेचने का काम करता है और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर भिरडाना से अहरवां की तरफ नशीला पदार्थ लेकर जाएगा।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नहर पुल चौराहा के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बताए गए हुलिये का युवक मोटरसाइकिल पर आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने मोटरसाइकिल वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे तत्परता से काबू कर लिया। नियमानुसार आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से पारदर्शी पाउच में 42.37 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने हेरोइन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया।
आरोपी के खिलाफ थाना सदर फतेहाबाद में मुकदमा नम्बर 369 दिनांक 15.09.2026 धारा 21बी-61-85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की गहनता से जांच जारी है।