
जयनगर के दो बड़े लूटकांडों का सफल उद्भेदन, टॉप-10 कुख्यात अपराधी चंदन यादव गिरफ्तार
जयनगर थाना क्षेत्र में हुए दो बड़े लूटकांडों का मधुबनी पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने सफल उद्भेदन करते हुए जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल कुख्यात चंदन यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे औंसी थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर पकड़ा। गिरफ्तार अपराधी की पहचान जयनगर थाना क्षेत्र के बेलही पूर्वी पंचायत के सहुरिया गांव निवासी बिमलेश यादव के पुत्र चंदन यादव के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, एक जून 2026 को जयनगर थाना क्षेत्र में रिलायंस स्मार्ट पॉइंट के समीप रेडियंट कैश मैनेजमेंट सर्विसेज के कर्मी धर्मेंद्र कुमार महतो से हथियार के बल पर करीब 6.15 लाख रुपये नकद से भरा बैग लूट लिया गया था। घटना को लेकर जयनगर थाना में कांड संख्या 251/26 दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ जयनगर के नेतृत्व में जयनगर थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए चंदन यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने रिलायंस स्मार्ट पॉइंट के पास हुई लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पूछताछ के दौरान उसने एक अन्य बड़े लूटकांड में भी शामिल होने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक, 24 नवंबर 2025 को जयनगर कमला पुल के समीप वैद्यनाथ सर्विस स्टेशन (पेट्रोल पंप) के मैनेजर दीपक कुमार से हथियार के बल पर 8.50 लाख रुपये की लूट हुई थी। इस मामले में जयनगर थाना कांड संख्या 416/25 दर्ज किया गया था। गिरफ्तार चंदन यादव ने इस घटना में भी सीधे तौर पर शामिल होने की बात स्वीकार की है।
इस कार्रवाई से पुलिस ने एक ओर जिले के टॉप-10 वांछित अपराधी को गिरफ्तार किया, वहीं दूसरी ओर करीब 14.65 लाख रुपये की दो बड़ी लूट की घटनाओं का भी खुलासा किया है। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधी के आपराधिक इतिहास को खंगालने में जुटी है। उसकी निशानदेही पर लूटी गई राशि की बरामदगी और गिरोह में शामिल अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी जारी है।