
रसड़ा मां-बेटी हत्याकांड का खुलासा: सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर पिता ने रची साजिश, दो साथियों संग पत्नी-बेटी की हत्या
#बलिया/रसड़ा। #रसड़ा थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद में 16 सितंबर की रात हुए मां-बेटी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर 70 वर्षीय पिता रामचीज गुप्ता ने अपने दो साथियों चंदन यादव और दिनेश गुप्ता के साथ मिलकर पत्नी मान्ती देवी और बेटी गौरी की हत्या की साजिश रची थी।
#एसपी ओमवीर सिंह के निर्देशन में स्वाट, सर्विलांस और रसड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को 19 सितंबर की सुबह करीब 3:30 बजे सिधागरघाट से गिरफ्तार किया।
#पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि रामचीज की पत्नी मान्ती देवी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी, जबकि बेटी गौरी दृष्टिबाधित थी। पुलिस का दावा है कि इन्हीं परिस्थितियों और सामाजिक प्रतिष्ठा को लेकर रामचीज ने दोनों की हत्या की योजना बनाई। पहले चंदन और दिनेश तैयार नहीं हुए, लेकिन 16 सितंबर को दोनों उसके साथ हो गए। पुलिस के अनुसार, शाम करीब सात बजे तीनों ने मान्ती देवी और गौरी की #हत्या कर दी।
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद गौरी के शव को पास के खेत में रख दिया गया और घर में फैले खून को साफ कर रामचीज ने हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा किए जाने की कहानी बताई।
तीनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का दाव और घटना के समय पहने गए दो कपड़े बरामद किए हैं। मामले में धारा 103(1), 238, 61(2) बीएनएस तथा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपी: रामचीज गुप्ता (70), चंदन यादव (32) और दिनेश गुप्ता (करीब 35), सभी मुस्तफाबाद, थाना रसड़ा, बलिया के निवासी हैं।