
विश्व युवा कौशल दिवस पर 38 अभ्यर्थियों को मिला रोजगार, राजकीय आईटीआई परिसर में लगा रोजगार मेला
विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर जनपद मऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर में जिला कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना रहा। रोजगार मेले में LLC, Gatiman Agro Forestic Pvt. Ltd., Aam Associate Pvt. Ltd., HNH Solution Pvt. Ltd. तथा Vision India Services, Noida सहित विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में कुल 117 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में भाग लिया।साक्षात्कार के उपरांत विभिन्न कंपनियों द्वारा 38 योग्य अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें रोजगार प्रदान किया गया। चयनित अभ्यर्थियों ने रोजगार प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन एवं कौशल विकास मिशन का आभार व्यक्त किया। जिला कौशल विकास मिशन के अधिकारियों ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक माह रोजगार मेले एवं अप्रेंटिसशिप मेलों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने युवाओं से आगामी रोजगार मेलों में भी बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जिला कौशल विकास मिशन के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।