
डॉक्टरों की तत्परता से प्रसूता और नवजात की बची जान
रात 3 बजे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंची आठ माह की गर्भवती महिला
त्वरित उपचार, रेफरल और रक्त की व्यवस्था से सुरक्षित हुआ प्रसव
समय रहते सागर किया रेफर और लगातार मॉनिटरिंग के सकारात्मक परिणाम
--------
छतरपुर जिले के बक्सवाहा विकासखंड में स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्यवाही और बेहतर समन्वय का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। डॉक्टरों की सूझबूझ, तत्परता और निरंतर मॉनिटरिंग के चलते एक गंभीर स्थिति में पहुंची गर्भवती महिला एवं उसके नवजात शिशु का जीवन सुरक्षित बचाया जा सका।
सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता ने बताया कि 27 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि लगभग 3:15 बजे ग्राम सिद्धाई, विकासखंड बक्सवाहा निवासी 26 वर्षीय आरती सौर पति राजेश सौर जो आठ माह की गर्भवती थीं, अत्यधिक प्रसव पीड़ा एवं गंभीर रक्तस्राव की स्थिति में जननी एक्सप्रेस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बक्सवाहा लाई गईं। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद मेडिकल ऑफिसर ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यम असाटी को सूचना दी। सूचना मिलते ही डॉ. असाटी तुरंत अस्पताल पहुंचे और मेडिकल ऑफिसर के साथ मिलकर प्रसूता को प्राथमिक उपचार प्रदान किया, जिससे रक्तस्राव को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। हालांकि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला के शरीर में रक्त की कमी हो गई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बीएमओ ने तत्काल प्रसूता को मेडिकल कॉलेज सागर रेफर करने का निर्णय लिया तथा इसकी जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.पी. गुप्ता को दी। सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता ने भी तत्काल सक्रियता दिखाते हुए रात लगभग 3:30 बजे एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की और प्रसूता को अस्पताल स्टाफ के साथ तत्काल मेडिकल कॉलेज सागर भेजने के निर्देश दिए। इतना ही नहीं, उन्होंने मेडिकल कॉलेज सागर में महिला के उपचार के लिए दो यूनिट रक्त की भी समय रहते व्यवस्था कराई तथा पूरी प्रक्रिया के दौरान महिला की स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग करते रहे। मेडिकल कॉलेज सागर में आज सुबह महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। वर्तमान में प्रसूता एवं नवजात दोनों पूर्णतः स्वस्थ हैं और खतरे से बाहर बताए गए हैं। इस संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्यवाही, बेहतर समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता ने एक माँ और उसके नवजात को नया जीवन दिया। महिला के परिजनों ने डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
#chhatarpur