
*'मऊगंज के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फरहदा में प्रभारी प्राचार्य का रसूख या शिक्षा व्यवस्था पर डाका? विधायक प्रदीप पटेल की नजदीकी का रौब, भ्रष्टाचार और बदहाली की मार झेल रहा संकुल
*मऊगंज।* मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले की शिक्षा व्यवस्था से एक और शर्मनाक और बदहाली से भरा सच सामने आया है। मऊगंज जिले का शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल फरहदा सालों से एक पूर्णकालिक और नियमित प्राचार्य के बजाय केवल एक 'प्रभारी प्राचार्य' के भरोसे घिसट-घिसट कर चल रहा है। सबसे बड़ा सवाल जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों पर उठता है कि क्या मऊगंज जिले में नियमित प्राचार्यों का अकाल पड़ गया है? अगर विभाग में योग्य प्राचार्य मौजूद हैं, तो फिर सालों से फरहदा स्कूल में किसी नियमित प्राचार्य की पदस्थापना क्यों नहीं की जा रही?फरहदा स्कूल एक 'संकुल केंद्र' (Sankul Kendra) भी है, जिसके अंतर्गत कई प्राथमिक व माध्यमिक स्कूल आते हैं। लेकिन प्रभारी प्राचार्य की छत्रछाया में पूरा संकुल बदहाली, अराजकता और खुले भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है। संकुल के अंतर्गत आने वाले कई प्राथमिक व माध्यमिक स्कूलों में हेडमास्टर और शिक्षक महीनों तक स्कूल से नदारद रहते हैं, फिर भी उनकी उपस्थिति दर्ज होती रहती है। प्रभारी प्राचार्य का रौब और अकड़ का आलम यह है कि वे खुद को मऊगंज के क्षेत्रीय भाजपा विधायक प्रदीप पटेल का बेहद खास और करीबी आदमी बताते हैं। स्कूल परिसर में खुलेआम यह हवा बनाई जाती है कि "हम तो विधायक प्रदीप पटेल जी के खास आदमी हैं, हमें कोई अधिकारी अपनी जगह से हिला भी नहीं सकता!" विधायक जी का नाम भुनाकर यह प्रभारी प्राचार्य अपनी मनमर्जी चला रहे हैं और शिक्षा के मंदिर को एक धर्मशाला में तब्दील कर चुके हैं। नियमित प्राचार्य न होने से जहां शासकीय फंडों में जमकर गोलमाल और वित्तीय अनियमितताएं हो रही हैं, वहीं संकुल के स्कूलों की शैक्षणिक स्थिति रसातल में पहुंच चुकी है। लेकिन सबसे बड़ा कड़वा सवाल यह उठता है कि क्या विधायक प्रदीप पटेल के नाम की आड़ लेकर शिक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले ऐसे प्रभारी प्राचार्यों पर जिला प्रशासन या जिला शिक्षा अधिकारी कभी कोई सख्त कानूनी कार्रवाई करेंगे? आखिर कब तक फरहदा का संकुल स्कूल प्रभारी प्राचार्य की तानाशाही और बदहाली का शिकार बना रहेगा? जब तक इस स्कूल में नियमित प्राचार्य की नियुक्ति नहीं होती और संकुल के भ्रष्टाचार का खात्मा नहीं होता, तब तक इंडिया हेडलाइन 24 के संपादक दीपक कुमार गुप्ता की धारदार और कड़वी कलम इस भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ बिना डरे और बिना झुके लगातार सच का आईना दिखाती रहेगी!
Mauganj, Rewa | Sep 10, 2026