#भरतपुर। सैनी, माली, कुशवाहा, मौर्य एवं मुरार समाज को 12 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को लेकर आगामी 25 जून को भरतपुर के जगन्नाथ मैरिज होम में एक विशाल महापंचायत का आयोजन होने जा रहा है। इस महापंचायत को सफल बनाने और इसमें अधिक से अधिक लोगों को जुटाने के लिए आरक्षण संघर्ष समिति के तत्वावधान में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के तहत बयाना, भुसावर, वैर और नदबई सहित आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में समाज के गणमान्य लोगों से मुलाकात की गई और उन्हें पीले चावल बांटकर महापंचायत में आने का न्यौता दिया गया। संघर्ष समिति के संयोजक मुरारीलाल सैनी ने कहा कि समाज के अधिकारों और आरक्षण की इस मांग को सरकार के सामने मजबूती से रखने के लिए महापंचायत में भारी संख्या में समाज बंधुओं की मौजूदगी बेहद जरूरी है। जनसंपर्क के दौरान समाज के लोगों ने भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का भरोसा दिया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष रामेश्वर सैनी, पार्षद मुकेश सैनी, पार्षद मानसिंह सैनी, चतर सिंह, खुशाल सैनी, जय सिंह सरपंच और दिलीप सैनी सहित समाज के कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।