
गाजीपुर में 50 लाख रुपये से अधिक की हेरोइन बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
रामपुर मांझा पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, दो मोटरसाइकिल व चार मोबाइल फोन भी बरामद
गाजीपुर, 20 अक्टूबर 2026। जनपद गाजीपुर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामपुर मांझा पुलिस और स्वाट टीम-बी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम मुस्लिमपुर में मस्जिद के सामने हाईवे के दक्षिणी तरफ लेन के किनारे स्थित एक गुमटी के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 262.16 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 50 लाख 73 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफजाल अहमद (28 वर्ष), निवासी ग्राम देवकली, थाना रामपुर मांझा; गोरखनाथ (26 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ेपुर, थाना सैदपुर; और अवनीश कुमार (25 वर्ष), निवासी ग्राम चाड़ीपुर, थाना करंडा, जनपद गाजीपुर के रूप में की गई है।
दो मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 262.16 ग्राम हेरोइन के अलावा एक नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल (UP61BQ4885), एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
इस मामले में थाना रामपुर मांझा पर मुकदमा अपराध संख्या 0142/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष कौशलेन्द्र प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी पैकवली उपनिरीक्षक रोहित कुमार द्विवेदी तथा स्वाट टीम-बी के प्रभारी उपनिरीक्षक शिवमणि त्रिपाठी सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। #GhazipurNews