
हिमाचल: में इंसानियत की मिसाल, बहू को बेटी मानकर कराया पुनर्विवाह; सास-ससुर ने किया कन्यादान
कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के शाहपुर क्षेत्र से रिश्तों की संवेदनशीलता और सामाजिक बदलाव की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। गांव चंमडेरा निवासी 29 वर्षीय रंजना कुमारी के पति राजिंदर कुमार की करीब डेढ़ वर्ष पहले एक सड़क दुर्घटना में असामयिक मृत्यु हो गई थी। इस दुखद घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में था, लेकिन रंजना के ससुर ईश्वर दास और सास विमला देवी ने उसे अकेला नहीं छोड़ा।
उन्होंने रंजना को बहू नहीं, बल्कि अपनी बेटी का दर्जा दिया और उसके सुरक्षित एवं सम्मानजनक भविष्य के लिए समाज की पारंपरिक सोच से ऊपर उठकर उसका पुनर्विवाह कराया। विवाह समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब सास विमला देवी और ससुर ईश्वर दास ने माता-पिता की भूमिका निभाते हुए स्वयं कन्यादान किया।
परिवार के इस सराहनीय निर्णय की क्षेत्रभर में प्रशंसा हो रही है। यह पहल समाज को एक सकारात्मक संदेश देती है कि रिश्तों की असली पहचान प्रेम, सम्मान, विश्वास और अपनत्व से होती है। कठिन परिस्थितियों में भी यदि परिवार साथ खड़ा रहे, तो जीवन को नई दिशा और नई उम्मीद मिल सकती है।
#Shahpur #Kangra #Himachal #PositiveNews #InspiringStory #UTHimachal