
रामगढ़ में 6 साल बाद कानून के शिकंजे में आया इनामी बदमाश,हरियाणा से दबोचा; हत्या के प्रयास और गौतस्करी का आरोपी गिरफ्तार
रामगढ़ थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास और गौतस्करी के मामले में फरार चल रहे ₹5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले कई वर्षों से लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस की गिरफ्त से बचता फिर रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस ने हरियाणा में दबिश देकर उसे धर दबोचा।
थानाधिकारी अजीत सिंह बड़सरा ने बताया कि वर्ष 2019 में रामगढ़ थाने में हत्या के प्रयास और गौतस्करी से संबंधित मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में आरोपी हाकम पुत्र सफूर खान, निवासी गांव नई, थाना पुन्हाना (हरियाणा) लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर अलवर पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने ₹5 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर रामगढ़ थाना पुलिस और सीआईए टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हरियाणा के पुन्हाना क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी में काफी समय लग गया।
गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है
Alwar, Alwar | Jul 11, 2026