रोहतास के 2.91 लाख पेंशनधारियों के खातों में पहुंचे ₹40.91 करोड़
रोहतास जिले के 2,91,361 सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के बैंक खातों में जून 2026 की पेंशन मद की ₹40 करोड़ 91 लाख 99 हजार 100 की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई। इस अवसर पर शनिवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में लाइव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्र, उप विकास आयुक्त विजय कुमार पांडेय, सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक तथा विभिन्न पेंशन योजनाओं के 50 लाभार्थी शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि बिहार सरकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत प्रत्येक माह की 10 तारीख को राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है। राज्य स्तर पर 97.84 लाख लाभार्थियों के खातों में कुल ₹1,423.94 करोड़ की राशि हस्तांतरित की गई। जिला प्रशासन ने पेंशनधारियों से बैंक खाते, केवाईसी और अन्य आवश्यक विवरण अद्यतन रखने की अपील की, ताकि भविष्य में पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की तकनीकी बाधा न आए।