
दिनांक 11-07-2026 को पुलिस चौकी सपरून में श्री राजेश नामक व्यक्ति द्वारा सूचना दी गई कि कुछ व्यक्तियों ने एक महिला को सड़क से नीचे गहरी ढांक में फेंक दिया है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस चौकी सपरून द्वारा पुलिस थाना सदर, सोलन को तत्काल सूचित किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी सपरून एवं पुलिस थाना सदर, सोलन से प्रभारी थाना सदर सोलन के नेतृत्व मे पुलिस टीमें बिना विलंब घटनास्थल के रवाना हुई तथा मौका पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपीगण जो मौका से भाग चुके थे उन्हें नगाली के पास पकड़ा गया तथा घटनास्थल पर उपस्थित स्थानीय व्यक्तियों में से बड़ोग निवासी श्री नरेश कुमार ने अपना बयान दर्ज करवाया कि दिनांक 10-07-2026 को समय लगभग 08:15 से 08:30 बजे सायं वह अपनी गाड़ी में देहुंघाट से अपने घर, गाँव गलोग की ओर जा रहा था। पंच परमेश्वर मंदिर, देहुंघाट से एक मोड़ पहले उसने सड़क के बाईं ओर तीन युवकों को एक युवती के साथ देखा,जिनमें से एक युवक युवती को पकड़े हुए था।कुछ दूर आगे जाने के उपरांत उसे संदेह हुआ कि उक्त युवक युवती का गला दबा रहे हैं। इस पर उसने अपनी गाड़ी मोड़कर पुनः घटनास्थल की ओर आया तथा इसी दौरान उसने देखा कि तीनों युवकों ने युवती को सड़क से लगभग 80 से 100 मीटर गहरी ढांक में धक्का देकर फेंक दिया, जिसके उपरांत वे पैदल नगाली की ओर चले गए। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान पैराफिट के समीप रक्त के निशान भी पाए गए I उक्त बयान के आधार पर उपरोक्त अभियोग पुलिस थाना सदर, सोलन में पंजीकृत कर मामले का अन्वेषण प्रारंभ किया गया। घटनास्थल पर पहुँचने के उपरांत पुलिस टीमों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से ढांक में रैस्क्यू अभियान चलाया था पीड़िता जो झाड़ियों से निकलते हुए बाईपास रोड पर पहुंच गई थी वहां से लोग उसे उपचार हेतु सिविल अस्पताल सोलन लेकर गए चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के उपरांत उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगामी उपचार हेतु आईजीएमसी, शिमला रेफर कर दिया गया। जाँच के दौरान मौका पर पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त तीनों आरोपियों को नगाली के पास से हिरासत में लिया गया । पूछताछ उपलब्ध साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शी के बयान तथा प्रारंभिक अन्वेषण के आधार पर मामले में संलिप्त उपरोक्त तीनो आरोपियों जिनकी पहचान मदन कुमार पुत्र श्री राम रंगीला, निवासी गाँव चौधार्याप फकुरवा, डाकघर कतरा बाजार, तहसील करनैलगंज, जिला गौंडा (उत्तर प्रदेश), आयु 28 वर्ष; दलीप कुमार पुत्र श्री शालिगराम, निवासी गाँव सिसवारा, डाकघर एवं तहसील नानपारा, जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश), आयु 28 वर्ष; तथा शिवम् पुत्र श्री शालिगराम, निवासी गाँव सिसवारा, डाकघर एवं तहसील नानपारा, जिला बहराइच (उत्तर प्रदेश), आयु 20 वर्ष को दिनांक 11-07-2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पूछताछ पर यह पता चला है कि जिस महिला को ढांक से निचे फैंका गया था वह आरोपी दलीप कुमार की पत्नी है तथा इन दोनो के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा है। जो आरोपी दलीप कुमार ने अपने सगे भाई शिवम व दोस्त मदन कुमार के साथ मोनिका की हत्या करने की साजिश की तथा इसी नियत से वे इसे उतर प्रदेश से घूमने जाने का बहाना बनाकर सोलन लाए थे जहां पर रात के समय सुनसान जगह पर आरोपीगणों ने पहले मोनिका के गले पर चाकू से वार किया तथा उसके बाद सड़क से निचे ढांक में हत्या करने की नियत से फैंक दिया था तथा खुद मौका से भागकर उतर प्रदेश जाने की फिराक में थे मगर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपीगणों को घटना के आधे घंटे में ही दबोच लिया था। वर्तमान में तीनों आरोपियों से मामले के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के सभी तथ्यों एवं परिस्थितियों का विस्तार से पता लगाया जा सके।तीनो आरोपियों को आज दिनांक 11-07-2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड का भी संबंधित राज्य की पुलिस से सत्यापन किया जा रहा है।पुलिस द्वारा घटनास्थल से प्राप्त भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों को इकट्ठा किया गया है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के कारणों,आरोपियों की मंशा तथा घटनाक्रम से जुड़े प्रत्येक तथ्य की निष्पक्ष एवं वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है। मामले में आगामी जाँच जारी है I
Solan, Solan | Jul 11, 2026