#बलरामपुर पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड: एसपी ने लगाई दौड़, 112 वाहनों और बैरकों का लिया जायजा...
#बलरामपुर। रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने परेड की सलामी ली और निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रखने के लिए उन्होंने परेड में शामिल जवानों को दौड़ लगवाई। इस दौरान पुलिस बल में अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल भी कराई गई।
परेड के उपरांत एसपी ने आपातकालीन सेवा यूपी-112 के वाहनों की सघन जांच की। वाहनों में रखे दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट एड बॉक्स और अन्य आवश्यक संसाधनों की क्रियाशीलता को परखा गया। उन्होंने 112 के कर्मियों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पांस देने और रिस्पांस टाइम में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के अगले चरण में पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं का भ्रमण किया। उन्होंने स्टोर रूम, क्वार्टर गार्ड, जीडी कार्यालय, कैंटीन, परिवहन शाखा और आदर्श आरक्षी बैरक की व्यवस्थाएं देखीं। पुलिस भोजनालय (मेस) के निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता और सफाई का जायजा लिया गया। एसपी ने आवासीय परिसर और आरक्षी बैरकों में स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह और पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
#balrampur #balrampurpolice
Balrampur, Balrampur | Sep 18, 2026