
वाटर सप्लायर की दुकान की आड़ में चल रहा था जुआ, पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप
76 हजार रुपये की जुआ राशि और 9 मोबाइल बरामद, 10 आरोपी गिरफ्तार
अजमेर। शहर में जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम अजमेर और अलवर गेट थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने धोलाभाटा क्षेत्र में वाटर सप्लायर की दुकान की आड़ में चल रहे जुए का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार जिला स्पेशल टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अलवर गेट थाना क्षेत्र स्थित धोलाभाटा के शिव शंकर मंदिर के पास वाटर सप्लायर की दुकान की आड़ में लाखों रुपये का जुआ-सट्टा खेला जा रहा है। सूचना के बाद स्पेशल टीम और अलवर गेट थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से मौके पर दबिश दी।
दबिश के दौरान मौके पर 10 व्यक्ति हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हार-जीत के दांव पर लगी कुल 76 हजार रुपये की जुआ राशि बरामद की। इसके साथ ही 9 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस ने मौके से सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अलवर गेट थाने में प्रकरण संख्या 250/2026 दर्ज कर राजस्थान सार्वजनिक जुआ अध्यादेश, 1949 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम और अलवर गेट थाना पुलिस की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि शहर में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। Ajmer Police Rajasthan
Ajmer, Ajmer | Aug 30, 2026