
#बलरामपुर: स्टाम्प शुल्क चोरी पर डीएम का सख्त एक्शन, कम मूल्यांकन वाले विलेखों पर होगी कार्रवाई...
बलरामपुर, 27 जुलाई 2026। जनपद में स्टाम्प शुल्क की चोरी और करापवंचन पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने तहसील उतरौला स्थित उपनिबंधक कार्यालय में पंजीकृत उच्च मूल्य के विलेखों की सघन जांच की। जांच के दौरान दो विलेखों में वास्तविक निर्माण से कम निर्माण दर्शाकर संपत्ति का मूल्यांकन किए जाने का मामला सामने आने पर डीएम ने तत्काल नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच के दौरान विलेख संख्या 4035/2026 (₹63.54 लाख), 4170/2026 (₹63.54 लाख) और 4602/2026 (₹75 लाख) का परीक्षण किया गया। इनमें तीनों विलेख व्यवसायिक प्रकृति के पाए गए तथा व्यवसायिक दरों के अनुसार स्टाम्प शुल्क जमा किया गया था। हालांकि दो मामलों में कम निर्माण दर्शाकर संभावित राजस्व क्षति का मामला सामने आने पर संबंधित प्रकरणों में विधिक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन के राजस्व हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को बड़े मूल्य के विलेखों की नियमित जांच, भौतिक सत्यापन और पारदर्शी मूल्यांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि स्टाम्प शुल्क चोरी, कम मूल्यांकन या तथ्य छिपाकर राजस्व हानि पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने उपनिबंधक कार्यालयों की सतत निगरानी, संदिग्ध मामलों की प्राथमिकता से जांच और करापवंचन रोकने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम उतरौला मनोज कुमार, एआईजी स्टाम्प सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#balrampur #dmbalrampur