
ललमटिया/गोड्डा: ईसीएल राजमहल परियोजना में अवैध मिट्टी खुदाई और पेड़ों की कटाई का आरोप, प्रबंधन की कार्यशैली पर उठे सवाल।
ईसीएल राजमहल कोल परियोजना अंतर्गत ओवरब्रिज के सामने अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई और बड़े-बड़े कीमती पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है।
मौके की तस्वीरों में पेड़ों की कटाई के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। इस मामले ने ईसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक तरफ ईसीएल प्रबंधन के वरीय पदाधिकारी वन संरक्षण को लेकर गंभीरता दिखाते हुए जगह-जगह पौधारोपण अभियान चला रहे हैं।
ईसीएल के जीएम अरूपानंद नायक भी वन संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कई बार अभियान चला चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ परियोजना क्षेत्र में कथित तौर पर कीमती पेड़ों की कटाई और अवैध मिट्टी खुदाई की गतिविधियां सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है।
आरोप है कि एक ओर कथित मिट्टी माफिया अवैध खुदाई के जरिए मोटी कमाई कर रहे हैं, तो दूसरी ओर पेड़ों की कटाई भी धड़ल्ले से की जा रही है।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इन गतिविधियों को किसका संरक्षण प्राप्त है? अवैध रूप से निकाली जा रही मिट्टी कहां भेजी जा रही है और काटे गए कीमती पेड़ों को कौन ले गया?
कौन है सफेदपोश चेहरा, जिसके संरक्षण में चल रहा कथित अवैध कारोबार? यह सवाल अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बनता जा रहा है।
मामले में ईसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की भूमिका भी जांच के दायरे में आनी चाहिए।
आखिर परियोजना क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां कैसे संचालित हो रही हैं और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिल रही है?
फिलहाल पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध मिट्टी खुदाई, पेड़ों की कटाई और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान करने की आवश्यकता है।
अब देखना यह होगा कि ईसीएल के वरीय अधिकारी और स्थानीय प्रशासन इस मामले पर संज्ञान लेकर कार्रवाई करते हैं या फिर मामला महज आरोप-प्रत्यारोप तक ही सीमित रह जाता है।
रिपोर्ट; अब्दुल
#coalmining #coal #coalindialimited Coal India Limited #गोड्डा #Lalmatia #mahagama
Boarijor, Godda | Nov 10, 2026