
जिला नियोजन पदाधिकारी, नवादा श्री सुनील कुमार सुमन ने बताया कि युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार, पटना के निदेशानुसार नियोजन सेवा के विस्तार के अंतर्गत योग्य अभ्यर्थियों को टूल किट एवं "नियोजन-सह-व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम" योजनांतर्गत योग्य अभ्यर्थियों को निम्नलिखित शर्तों के अनुरूप प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु स्टडी किट प्रदान की जा रही है। उक्त हेतु वांछित योग्यता एवं शर्तें निम्नवत हैं-
टूल किट योजना में इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोटर रिपेयर, फिटर, मोबाइल रिपेयरिंग, सिलाई, ब्यूटीशियन एवं प्लंबर इत्यादि ट्रेड हेतु ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं महिला अभ्यर्थी पात्र होंगे। उम्र सीमा 18 से 40 वर्ष तथा वार्षिक आय ₹3,00,000/- से कम होनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत अभ्यर्थी केंद्र सरकार अथवा राज्य सरकार से मान्यता प्राप्त संस्थान (आर.से.टी., जन शिक्षण संस्थान, पी.एम.के.वी.वाई., डी.डी.यू.जी.के.वाई. एवं आर.पी.एल.) से संबंधित ट्रेड में न्यूनतम तीन माह का प्रशिक्षित होना चाहिए। जिला नियोजनालय, नवादा में एनसीएस पोर्टल पर छह माह पूर्व निबंधन होना अनिवार्य है।
स्टडी किट योजना में नौकरी के लिए यूपीएससी, बीपीएससी, रेलवे, बैंकिंग, एसएससी इत्यादि परीक्षाओं की तैयारी करने वाले कमजोर वर्ग के अभ्यर्थी (ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजन, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं महिला) के लिए परीक्षावार अनुमान्य योग्यता आवश्यक होगी। वार्षिक आय ₹3,00,000/- से कम होनी चाहिए। आयु सरकारी सेवा हेतु रिक्ति के विरुद्ध आवेदन के साक्ष्य एवं सरकारी सेवा के मापदंडों के अनुरूप तथा अभ्यर्थी बिहार राज्य का निवासी हो। जिला नियोजनालय, नवादा में एनसीएस पोर्टल पर छह माह पूर्व निबंधन होना अनिवार्य है।
सरकार की इस योजना का लाभ लेने के लिए योग्य एवं इच्छुक उम्मीदवार 31.07.2026 तक अपराह्न 05:00 बजे तक संबंधित प्रमाण-पत्रों की अभिप्रमाणित छायाप्रति के साथ जिला नियोजन पदाधिकारी, नवादा को संबोधित करते हुए आवेदन दे सकते हैं। निर्धारित तिथि के पश्चात प्राप्त आवेदन पर कोई विचार नहीं किया जाएगा।
अभ्यर्थी को नियोजन पक्ष द्वारा संचालित स्टडी किट एवं टूल किट में से केवल एक योजना का लाभ दिया जाएगा। साथ ही, पूर्व में स्टडी किट एवं टूल किट प्राप्त कर चुके अभ्यर्थी इस योजना के पात्र नहीं होंगे।
आवेदन का चयन विभागीय निदेशानुसार उप निदेशक (नियोजन), मगध प्रमंडल, गया की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा किया जाएगा।
नवादा से राकेश कुमार चंदन की रिपोर्ट!
Nawada, Nawada | Jul 13, 2026