
इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती का खूनी अंजाम, बहन से मिलने आए युवक ने भाई पर फावड़े से किया हमला
#देवरिया/रामपुर कारखाना। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के मदिरा पाली भरत राय गांव में रविवार को प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने लड़की के भाई पर फावड़े से हमला कर दिया। हमले में 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ निवासी एक युवक की गांव की युवती से इंस्टाग्राम के माध्यम से लंबे समय से बातचीत हो रही थी। रविवार को वह युवती से मिलने उसके गांव मदिरा पाली भरत राय पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवती के भाई कयामुद्दीन (17), पुत्र छेदी, से विवाद हो गया। देखते ही देखते आरोपी ने फावड़े से हमला कर दिया, जिससे कयामुद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल को तत्काल महर्षि देवराहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया।
इस दौरान सरकारी एम्बुलेंस समय पर उपलब्ध नहीं हो सकी। करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद भी एम्बुलेंस नहीं मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) सिटी संजीव रेड्डी ने अपने निजी खर्च से प्राइवेट एम्बुलेंस की व्यवस्था कर घायल को गोरखपुर भेजवाया। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी एम्बुलेंस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
#deorianews #deoriaup52
Barhaj, Deoria | Aug 3, 2026