
ग्वालियर के उद्योग जगत को बड़ा झटका, प्रेम मोटर्स समूह के चेयरमैन चरणजीत नागपाल का दुबई में निधन,
ग्वालियर। शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति एवं प्रेम मोटर्स समूह के संस्थापक, चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर चरणजीत नागपाल का दुबई में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश के उद्योग एवं व्यापार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, चरणजीत नागपाल अपनी पत्नी के साथ व्यावसायिक कार्य से लंदन गए हुए थे। वहां से भारत लौटने के दौरान दुबई में उन्हें अचानक हृदयाघात आया, जिसके बाद उनका निधन हो गया।
चरणजीत नागपाल ने वर्ष 1980 के दशक में ऑटोमोबाइल क्षेत्र में अपने व्यवसाय की शुरुआत की थी और अपनी दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता एवं मेहनत के बल पर प्रेम मोटर्स समूह को देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल डीलर समूहों में स्थापित किया। उनके नेतृत्व में कंपनी ने कई राज्यों में अपना विस्तार किया और हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार उपलब्ध कराया।
उनके निधन पर उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे ग्वालियर के उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया है।