
जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में चमके कमला मेमोरियल स्कूल के सितारे
पीयूष ठाकुर ने जीता स्वर्ण, पीयूष जोगी ने हासिल किया रजत पदक
लोकेंद्र सिंह वैदिक/लोकल न्यूज ऑफ इंडिया
कमला मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों पीयूष ठाकुर और पीयूष जोगी ने जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में पीयूष ठाकुर ने स्वर्ण पदक, जबकि पीयूष जोगी ने रजत पदक अपने नाम किया।
दोनों खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय में विशेष स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्या मधु ठाकुर की अगुवाई में विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों ने दोनों खिलाड़ियों का फूल-मालाओं से गर्मजोशी से स्वागत किया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताई।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। विद्यालय परिवार को अपने इन होनहार खिलाड़ियों पर गर्व है।
प्रधानाचार्या मधु ठाकुर एवं समस्त विद्यालय परिवार ने पीयूष ठाकुर और पीयूष जोगी को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।