
बीडीओ पर हमले के विरोध में सूर्यपुरा के बीडीओ ने काली पट्टी बांधकर किया कार्य
सूर्यपुरा (रोहतास)। छपरा में छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारियों (बीडीओ) पर हुए हमले के विरोध में मंगलवार को सूर्यपुरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी तेज बहादुर सुमन ने काली पट्टी बांधकर अपने कार्यालय में कार्य किया। उन्होंने बिहार राज्य प्रखंड विकास पदाधिकारी संघ के आह्वान का समर्थन करते हुए घटना की कड़ी निंदा की। बीडीओ तेज बहादुर सुमन ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों पर हमला किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा राज्य के सभी प्रशासनिक अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनता की सेवा के लिए कार्य करते हैं और उनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
इस दौरान प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया और शांतिपूर्ण माहौल में सरकारी कार्यों का निष्पादन किया। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई आवश्यक है।