बदायूं: 50 हजार का इनामी डकैत ढालू पुलिस मुठभेड़ में ढेर
उत्तर प्रदेश के बदायूं में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश जितेंद्र उर्फ ढालू पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मूल रूप से हापुड़ का रहने वाला ढालू इस्लामनगर थाना क्षेत्र सहित तीन डकैती की वारदातों में वांछित था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, अमरोहा और बदायूं समेत विभिन्न जिलों में लूट और डकैती के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज थे। वह संभल जिले के जनेटा गांव में छिपकर रह रहा था और वहीं से आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देता था।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच हुई फायरिंग में एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हो गए। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।