
सिंदूर से पहले लिया फैसला, एक माह बाद बेटी का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार
अनुमंडल ब्यूरो राहुल वर्मा कि रिपोर्ट
रमना। थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार को सामाजिक मान्यताओं और पारिवारिक भावनाओं से जुड़ा एक अनोखा मामला चर्चा का विषय बना रहा। करीब एक माह पूर्व विवाह समारोह के दौरान सिंदूरदान की रस्म से पहले एक युवती ने शादी से इन्कार कर दिया था। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के लौट गई थी। बताया जाता है कि अगले दिन युवती अपनी इच्छा से अपने प्रेमी के साथ रहने चली गई, जहां वह वर्तमान में रह रही है।
घटना के एक माह बाद स्वजनों और ग्रामीणों ने युवती को सामाजिक रूप से मृत मानते हुए उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। ग्रामीणों ने अर्थी सजाकर गांव में शवयात्रा निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इसके बाद तेलाही बांध के समीप पहुंचकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार की प्रतीकात्मक रस्में निभाई गईं।
स्वजनों का कहना है कि युवती ने परिवार, रिश्तेदारों और समाज की भावनाओं की अनदेखी करते हुए अपना निर्णय लिया, जिसके बाद उन्होंने उससे सामाजिक संबंध समाप्त करने का फैसला किया। इधर, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है।
Garhwa, Garhwa | Jun 19, 2026