
गोंडा-अयोध्या मार्ग पर मंगलवार देर रात आस्था के उत्सव से घर लौट रहे श्रद्धालुओं की खुशियां मातम में बदल गईं। वजीरगंज थाना क्षेत्र के राजा सगरा के पास मूर्ति विसर्जन कर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की अयोध्या में प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रहे ट्रक से आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर सवार दस लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल संजय कोरी और आशीष गौतम ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो लोगों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि आठ घायलों का इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, मोतीगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपारा और भरहापारा गांव के श्रद्धालु मूर्ति विसर्जन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गोंडा की ओर से प्रतिमा लेकर अयोध्या जा रहे ट्रक से राजा सगरा के पास उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली की सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दस लोग घायल हो गए। वजीरगंज पुलिस ने स्थानीय स्तर पर तत्काल मदद पहुंचाते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां दो की मौत हो गई। हादसे में नितिन, सोनू, विजय, संतोष वर्मा, विनय, राजेश, शिव कुमार, राम कुमार और राम नारायण के घायल होने की जानकारी दी गई है। हालांकि, घायलों के नामों की सूची में संख्या को लेकर अंतर है। पुलिस के मुताबिक, शेष आठ घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
पुलिस ने बहाल कराया यातायात
क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश्वर प्रभात सिंह ने बताया कि मंगलवार रात मूर्ति विसर्जन से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली की प्रतिमा लेकर अयोध्या जा रहे ट्रक से टक्कर हुई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों के शव कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर हाईवे पर यातायात व्यवस्था बहाल करा दी गई।