
ऋषिकेश में गूंजेगा कराटे का दम, 4 अक्टूबर को जुटेंगे प्रदेशभर के खिलाड़ी
A.K. Fight Club ने शुरू की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता की तैयारियां, एक दिवसीय शिविर में करीब 100 खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण
ऋषिकेश। आगामी 4 अक्टूबर, रविवार को ऋषिकेश में होने वाली प्रथम ‘Himalaya Warriors Karate Cup 2026’ राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में A.K. Fight Club की ओर से रविवार को शिव मंदिर हॉल, भरत विहार में एक दिवसीय विशेष कराटे प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विस्थापित, आवास विकास, ढालवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों एवं क्लबों से करीब 100 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
शिविर में खिलाड़ियों को कराटे की विभिन्न तकनीकों, फाइट, स्पीड, फुटवर्क एवं प्रतियोगिता से जुड़ी बारीकियों का विशेष अभ्यास कराया गया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया।
शिविर में मुख्य प्रशिक्षक अजय कुमार के निर्देशन में कोच शीतल, वंशिका, प्राची, रोहन एवं शौर्य ने खिलाड़ियों को प्रशिक्षण एवं अभ्यास कराया। सभी कोचों ने खिलाड़ियों की तकनीक, अनुशासन एवं प्रतियोगिता की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया।
A.K. Fight Club के मुख्य प्रशिक्षक अजय कुमार ने बताया कि इस विशेष शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तैयार करने के साथ-साथ उन्हें वास्तविक प्रतियोगिता का अनुभव प्रदान करना है।
“ऋषिकेश के खिलाड़ियों को देंगे बड़ा मंच” — अजय कुमार
अजय कुमार ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल खिलाड़ियों को कराटे सिखाना नहीं, बल्कि उनकी प्रतिभा को सही मंच तक पहुंचाना है। 4 अक्टूबर को होने वाली प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। हमें उम्मीद है कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए एक यादगार और शानदार अनुभव साबित होगी।”
उन्होंने कहा कि Himalaya Warriors Karate Cup 2026 के माध्यम से ऋषिकेश में कराटे को एक नई पहचान देने और स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का आयोजन A.K. Fight Club द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं प्रशिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।