
#बेतिया आगामी सहयोग शिविरों के सफल एवं प्रभावी आयोजन को लेकर आज समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी श्री तरनजोत सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे सहयोग शिविर सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने सभी जिलास्तरीय, अनुमंडलस्तरीय, प्रखंडस्तरीय एवं पंचायतस्तरीय पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को उसी दिन सहयोग पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। साथ ही आवेदकों को पावती रसीद उपलब्ध कराते हुए सभी आवेदनों का विधिवत संधारण एवं संचिकाबद्धीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि पूर्व में आयोजित सहयोग शिविरों के ऐसे आवेदन, जो अब तक पोर्टल पर अपलोड नहीं किए गए हैं, उन्हें संबंधित नोडल पदाधिकारी आज ही अपलोड कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में आगामी 16 जून को आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए अभी से अभियान चलाया जाए ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें। उन्होंने शिविर स्थलों का चयन शीघ्र करने तथा आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने का निर्देश दिया। साथ ही ऐसे लोगों की सुविधा के लिए आवेदन लेखन कार्य हेतु कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा, जो स्वयं आवेदन लिखने में सक्षम नहीं हैं।
उन्होंने निर्देश दिया कि नोडल पदाधिकारी एवं वरीय कैंप पदाधिकारी शिविरों के संचालन की समुचित मॉनिटरिंग करें तथा सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखें। सहयोग शिविर में प्रखंडस्तरीय सभी पदाधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी, जिसके लिए आवश्यक आदेश निर्गत किए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों के अतिरिक्त शिविर स्थल के आसपास चिन्हित स्थानीय समस्याओं को भी सहयोग पोर्टल पर दर्ज कराया जाए ताकि उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना ठोस एवं वैध कारण के किसी भी आवेदन को अस्वीकृत नहीं किया जाए। यदि कोई आवेदन संबंधित विभाग के अधिकार क्षेत्र से बाहर है तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित विभाग को अग्रेषित किया जाए।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ नगर निकाय क्षेत्रों में भी सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम एवं नगर निकाय स्तर पर आवश्यक आदेश जारी किए जा रहे हैं। सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को सहयोग शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में राज्यस्तर से जिले में प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी श्री रामानुज प्रसाद सिंह तथा अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार सिन्हा ने भी सहयोग शिविरों के प्रभावी संचालन, प्राप्त आवेदनों के गुणवत्तापूर्ण निष्पादन तथा समयबद्ध कार्रवाई को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में नगर आयुक्त, नगर निगम बेतिया सुश्री शिवाक्षी दीक्षित, अपर समाहर्ता श्री राजीव रंजन सिन्हा, निदेशक डीआरडीए श्री अरुण प्रकाश सहित सभी जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
#NewsWave
#BettiahDM #Bettiahpolice #Bettiahsp #bettiahbihar #bettiah #BettiahNews #बेतिया