यमुनानगर जोन में पुलिस का फ्लैग मार्च, संदिग्धों और वाहनों की सघन जांच
प्रयागराज। कमिश्नरेट प्रयागराज के यमुनानगर जोन में शांति एवं कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने बुधवार को विशेष चेकिंग एवं पैदल गश्त अभियान चलाया। अभियान के तहत थाना बारा, थाना शंकरगढ़ सहित विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर फ्लैग मार्च किया।
इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा दोपहिया और चारपहिया वाहनों की गहन जांच की गई। पुलिस ने लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 पर दें।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
Bara, Allahabad | Jul 24, 2026