
कुण्ड चौकी पुलिस की त्वरित कार्रवाई: ट्यूबवेलों से कॉपर केबल चोरी करने वाले दो आरोपी 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार, एक दिन के पुलिस रिमांड पर
(रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार )
कुण्ड चौकी पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्र में खेतों से ट्यूबवेल की कॉपर केबल चोरी करने के मामले में मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव पालडा निवासी कुलदीप उर्फ़ अंकित व धीरज के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
क्या था मामला?
जांचकर्ता ने बताया कि गत 26 जुलाई को गांव पाडला निवासी राजीव ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उसका ट्यूबवेल गांव पाडला से हुडिया जाने वाले रास्ते पर स्थित है। 26 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे जब वह अपने खेत/ट्यूबवेल पर पहुंचा, तो देखा कि उसके ट्यूबवेल से लगभग 200 फुट कॉपर केबल गायब थी।
इसी दौरान राजीव को सूचना मिली कि उसी रात अज्ञात चोरों ने पास के ही गांव मनेठी निवासी राजेश के ट्यूबवेल को भी निशाना बनाया और वहां से भी लगभग 200 फुट केबल काट कर चोरी कर ले गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने थाना खोल में तुरंत संबंधित धाराओं के तहत चोरी का मामला दर्ज किया और आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने गुप्त सूचनाओं व तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए वारदात में संलिप्त दो आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गांव पालडा निवासी कुलदीप उर्फ़ अंकित व धीरज के रूप में हुई है।
एक दिन के पुलिस रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने दोनों आरोपियों को आज माननीय अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने पुलिस की याचिका पर आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं।
"ग्रामीण इलाकों में ट्यूबवेल चोरी की घटनाओं पर पुलिस सख्त है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी ताकि चोरी की गई केबल की शत-प्रतिशत बरामदगी की जा सके और यह भी पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने क्षेत्र में अन्य किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है या चोरी का सामान किसे बेचा करते थे।"
Rewari, Rewari | Jul 27, 2026