
दाड़लाघाट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब से दबोचा गया भगोड़ा आरोपी, वर्षों से था फरार।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो | दाड़लाघाट
दाड़लाघाट पुलिस की PO (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) सेल ने भगोड़े अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पंजाब के घनोली क्षेत्र से एक फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद कुमार (33) निवासी जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना दाड़लाघाट में अभियोग संख्या 59/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 209 और 269 के अंतर्गत मामला दर्ज है। आरोपी वर्ष 2013 से जुड़े एक मामले में न्यायालय में चल रहे ट्रायल के दौरान लगातार अनुपस्थित रहा। बार-बार अदालत में पेश न होने के कारण 12 जून 2026 को माननीय न्यायालय ने उसे भगोड़ा (Proclaimed Offender) घोषित कर दिया था।
इसके बाद दाड़लाघाट पुलिस की PO सेल ने तकनीकी और खुफिया जानकारी के आधार पर पंजाब के घनोली क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
दाड़लाघाट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे सभी भगोड़ों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा।
#NewsTodayHimachal #DadlaghatPolice #HimachalPolice #Bilaspur #POCell #CrimeNews #LawAndOrder #HimachalNews