
अपराध पर प्रभावी अंकुश और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी सर्वोच्च प्राथमिकता, लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी : एसपी सिद्धान्त जैन
हिसार, 13 जुलाई । पुलिस अधीक्षक हिसार श्री सिद्धान्त जैन, आईपीएस ने आज अपने कार्यालय में जिले की सभी अपराध अन्वेषण इकाइयों (क्राइम यूनिट) की मासिक उपलब्धि समीक्षा बैठक (Monthly Achievement Review Meeting) ली। बैठक में डीएसपी मुख्यालय, डीएसपी क्राइम, सभी क्राइम यूनिटों के प्रभारी, प्रभारी पी.ओ. स्टाफ, प्रभारी स्वेट टीम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक क्राइम यूनिट के कार्यों, लंबित मामलों, गंभीर अपराधों की जांच, वांछित एवं उद्घोषित अपराधियों (पी.ओ.) की गिरफ्तारी, एनडीपीएस अधिनियम, अवैध हथियार, चोरी, लूट, डकैती, वाहन चोरी, साइबर अपराध तथा अन्य संगीन मामलों में की गई कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की।
एसपी सिद्धान्त जैन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए योजनाबद्ध एवं समन्वित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि संगठित अपराध, नशा तस्करी, अवैध हथियारों की तस्करी तथा आदतन अपराधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी क्राइम यूनिटों को निर्देशित किया कि वांछित अपराधियों एवं उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। जिन मामलों में गिरफ्तारी शेष है, उनमें तकनीकी संसाधनों, खुफिया तंत्र तथा अंतरराज्यीय समन्वय का प्रभावी उपयोग करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गंभीर मामलों की जांच गुणवत्ता एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए ताकि आरोपियों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत कर कानून के अनुसार सजा दिलाई जा सके। उन्होंने अपराधियों की संपत्ति संबंधी जानकारी एकत्रित कर कानूनी प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
एसपी ने साइबर अपराधों पर विशेष सतर्कता बरतने, साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की राशि रिकवर कराने के प्रयास तेज करने तथा आमजन को साइबर सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए।
Uklana, Hissar | Jul 13, 2026