
थाना महिला पुलिस टीम ने थाना साढौरा क्षेत्र के गांव स्थित सरकारी स्कूल की 17 वर्षीय नाबालिक छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए थाना महिला पुलिस टीम ने थाना साढौरा क्षेत्र के गांव स्थित सरकारी स्कूल की 17 वर्षीय नाबालिक छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी अंसुल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
महिला थाना प्रभारी शीलावंती ने बताया कि साढौरा क्षेत्र के व्यक्ति ने शिकायत में बताया था कि उनकी तीन बेटियां क्षेत्र के गांव स्थित राजकीय स्कूल में पढ़ती हैं। स्कूल जाते व लाैटते समय यासीन माजरी गांव निवासी अंसुल, वंश कुमार, मनदीप व खेरड़ा खुर्द निवासी वंश बेटियों का पीछा करते थे। बेटियों से छेड़खानी व अश्लील टिप्पणियां करते थे। शाम में गांव आकर घर के बाहर बाइकों पर चक्कर लगाते व ललकारते थे। विरोध करने पर भतीजे को जान से मारने की धमकी दी गई। अंसुल की मां किरण व उसके भाई आर्यन व अनुज से बात की लेकिन उन्होंने आरोपी अंसुल का साथ दिया। 14 जुलाई की सुबह अंसुल उनकी 17 वर्षीय बेटी को बाइक पर घर ले गया। बेटी को कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आरोपी के साथी बाहर पहरा देते रहे। इस शिकायत पर पोक्सो सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए उपनिरीक्षक मुकेश कुमरी के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी अंशुल को गिरफ्तार किया।
Ambala, Ambala | Jul 18, 2026