
CYBER SHIELD’ में धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, निरसा से 11 गिरफ्तार
पिठाकियारी में छापेमारी, 2.85 लाख रुपये नकद समेत 19 मोबाइल, 7 एटीएम कार्ड और साइबर फ्रॉड की डायरी बरामद
धनबाद। जिले में बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए धनबाद पुलिस द्वारा शुरू किए गए ‘CYBER SHIELD’ अभियान के तहत निरसा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने पिठाकियारी गांव में छापेमारी कर कथित साइबर अपराध से जुड़े 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2.85 लाख रुपये नकद, 19 मोबाइल फोन, सात एटीएम/डेबिट कार्ड, पासबुक, चेकबुक, पांच आधार कार्ड, दो पैन कार्ड और साइबर फ्रॉड से संबंधित विवरण वाली एक डायरी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। टीम में 35 पुलिस पदाधिकारी और 120 पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मी शामिल थे। इसी क्रम में 1 अक्टूबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पिठाकियारी गांव में कुछ लोग कथित तौर पर बड़ी साइबर घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन के बाद परिवीक्ष्यमान सहायक पुलिस अधीक्षक अंकित सिन्हा, निरसा एसडीपीओ लीलेश्वर महतो और डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव समेत पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने पिठाकियारी में छापेमारी की।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्याम सुंदर रविदास, राहुल कुमार उर्फ राहुल रविदास, सचिन रविदास, मलय रविदास, श्यामापदो रविदास, झंटू ठाकुर, कुदन वर्णवाल, अरमान रविदास, अजय रविदास, विजय रविदास और सागर रविदास के रूप में की है। सभी पिठाकियारी के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बरामद 2.85 लाख रुपये में 2.03 लाख रुपये सचिन रविदास और 82 हजार रुपये सागर रविदास के पास से मिले। बरामद मोबाइल फोन में Apple iPhone, Motorola, OPPO, OnePlus, Redmi, Vivo और Samsung समेत विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व से साइबर अपराध, धोखाधड़ी, मारपीट समेत अन्य मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। मामले में निरसा थाना कांड संख्या 334/2026 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
धनबाद पुलिस के अनुसार, जिले में साइबर अपराध के खिलाफ ‘CYBER SHIELD’ अभियान आगे भी जारी रहेगा और साइबर अपराध में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। News Nirsa